Saturday, October 24th, 2026

बक्सर: शराब तस्करों ने पुलिस पर हमला बोल साथी को छुड़ाया, ASI समेत तीन पुलिसकर्मी घायल

बक्सर
बिहार के बक्सर में शराब तस्करों ने पुलिस पर हमला बोलते हुए अपने साथी को पुलिस गिरफ्त से छुड़ा लिया। हमले में एएसआई समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। हमले के बाद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में आठ लोगों को गिरफ्तार करते हुए पचास बोतल शराब बरामद किया है। घायल दो पुलिसकर्मियों का चक्की पीएचसी में इलाज चल रहा है। घटना ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के गायघाट गांव की है।

शराब की खेप आने की सूचना पर गयी थी पुलिस
गंगा नदी के रास्ते शराब का खेप आने की गुप्त सूचना पर पुलिस टोह में लगी हुई थी। इस बीच खेप उतरते ही एएसआई मिथिलेश पासवान के साथ चक्की थाने के पुलिसकर्मियों ने छापेमारी की लेकिन तस्कर भागने लगे। पुलिस ने पीछाकर नुआंव गांव निवासी बरमेश्वर सिंह के शराब तस्कर बेटे रमेश सिंह को शराब के साथ दबोच लिया और अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए पीछा करने लगे। इस दौरान शराब के साथ सभी तस्कर ब्रह्मपुर थाना के गायघाट गांव में प्रवेश कर गये। पुलिस अभी रणनीति बना रही थी कि तीस-चालीस लोगों के साथ तस्करों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया।

हमले में जख्मी हुए पुलिसकर्मी
अचानक पथराव के बीच तस्करों ने अपने साथी रमेश सिंह को पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया और शराब की खेप भी लेकर निकल गये। हमले में एएसआई मिथिलेश पासवान, सिपाही राजेश कुमार और श्रीभगवान सिंह जख्मी हो गये। हमले की सूचना पर डीएसपी केके सिंह मौके पर पहुंचे फिर पुलिस की कार्रवाई शुरु हुई। चक्की के थानाध्यक्ष जुनैद आलम ने बताया कि छापेमारी के दौरान गायघाट से संतोष कुमार उर्फ बगोधर कुंवर, छोटू कुमार उर्फ प्रिंस कुमार, प्रभुनाथ राय, रवि कुमार, राघवेंद्र कुमार, संजीव कुमार,विशाल कुमार और चंदन कुमार को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में पुलिस ने गायघाट के तस्कर ललन कुंवर, फरार रमेश चौधरी समेत तीस लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज किया है।

 

#Buxar

Source : Agency

पाठको की राय